सपने में समाधान
कुछ समय पहले फेसबुक के मित्र अनवर जमाल साहब ने सिलाई मशीन का आविष्कार करने वाले एलियस होव की कहानी प्रस्तुत करते हुए लिखा था कि, आपके सबकॉन्शियस माइंड में हर उस सवाल का जवाब है, जो भी सवाल आप करते हैं। आप यह बात नहीं जानते कि आप ख़ुद एक किताब हैं और आपके अंदर हर सवाल का जवाब मौजूद है। जितने भी वैज्ञानिक आविष्कार हुए हैं, उन सब में सबकॉन्शियस माइंड का सहयोग है। सबकॉन्शियस माइंड बिना सपने के जागते हुए भी विचार देकर खोज में सहयोग देता है। अपने दिल पर नज़र रखें। अचानक आने वाले विचारों और सपनों पर ध्यान दें। उनमें आपके लिए बड़े ख़ज़ाने की कुंजी होती है। सवाल से सपना, सपने से अविष्कार और अविष्कार से धन दौलत और प्रसिद्धि मिलने के अनेकों आश्चर्यजनक उदाहरणों से इतिहास भरा पड़ा है....
जमाल साहब के इन विचारों का मैं पूर्णतः समर्थन करता हूँ, हमारा अवचेतन मन या आत्मा का वो रहस्यमय हिस्सा जो ईश्वर के बहुत ज्यादा क़रीब है, उस की शक्ति को मैंने खुद महसूस किया है, और तहे दिल से मानता हूं कि इस शक्ति से इंसान बहुत कुछ पा सकता है, ये शक्ति दरअसल इस पूर्ण विश्वास से मिलती है कि सर्वशक्तिमान ईश्वर हमारा कल्याण करना चाहता है, और जब हम उसके कृतज्ञ होकर उससे कुछ मांगते हैं तो वो हमें ज़रूर देता है..!!!
.
.
.... सिलाई मशीन का आविष्कार करने वाले एलियस होव की आपबीती कम दिलचस्प और आश्चर्य में डालने वाली नही है, .... वो सिलाई मशीन के अविष्कार की कोशिशें कर कर के थक चुके थे पर मशीन का सही डिज़ाइन बन ही नही पा रहा था, अचानक एक रात उन्होंने स्वप्न में देखा कि राजा के आदेश पर उन्हें सिलाई मशीन का आविष्कार न कर पाने के दण्ड स्वरूप एलियस को आदमखोरों को सौंप दिया गया, और आदमखोरों ने उन्हें अपने भालों से कोंचना शुरू कर दिया और भय से एलियस की नींद खुल गई... फिर उन्होंने स्वप्न की बातों पर गौर किया तो उन्हें ध्यान आया कि आदमखोरों के जिन भालों को उन्होंने स्वप्न में देखा था, उन भालों की नोकों पर छेद था, इस यूनीक डिज़ाइन का ध्यान कर उन्हें विचार आया कि क्यों न सिलाई मशीन की सुई में छेद आगे की ओर रखा जाये तो सम्भवतः वो सही काम कर जाये, फिर उन्होंने ऐसा ही किया, और सिलाई मशीन की सही और कामगर डिज़ाइन बनाने में आश्चर्यजनक रूप से सफल हो गये... कालान्तर में उन्होंने अपने इस डिज़ाइन का पेटेंट कराया और इससे अकूत धन बना लिया था... ये सब कुछ हुआ उस एक सपने के कारण !!
.
.... इसी तरह जब मैंने इन्सुलिन की खोज की आश्चर्यजनक कहानी पढ़ी तो मैं हैरत में पड़ गया था.... 1920 के दशक में डायबिटीज़ का प्रथम इलाज, इन्सुलिन की खोज करने वाले मशहूर कनाडाई डाक्टर और शोधकर्ता डॉ० फ्रेडरिक बेंटिंग को भी इस खोज में सफलता एक स्वप्न के जरिये ही मिली, वे तब के लाइलाज रोग डायबिटीज़ के इलाज की खोज में दिन रात लगे थे, पर सफलता अब तक न मिली थी, कि एक रात उन्होंने स्वप्न में देखा कि उन्हें कुत्तों की बिगड़ी हुई पैंक्रिएटिक डक्ट के अवशेष निकाल लेने चाहिये, ... जब उन्होंने वास्तविक रूप में इस तरीके पर प्रयोग किया तो ये सही साबित हुआ.... और डायबिटीज़ का इलाज खोजने के कारण फ्रेडरिक बेंटिंग इतिहास में अमर हो गए, उन्हें अपनी इस खोज के कारण 1923 में नोबल पुरुस्कार दिया गया... इस प्रसिद्धि का कारण भी एक स्वप्न....
.
.... इसी तरह इतिहास में केकुले के उस स्वप्न की बात भी बहुत प्रसिद्ध है जिसे देखकर केकुले ने बेंज़ीन रिंग का फॉर्मूला बना दिया था, केकुले ने अपने सपने में सांप को अपनी पूछ पकड़े देखा और इस दृश्य को देखकर उन्हें बेंजीन रिंग की डिज़ाइन सूझी थी
तो सार ये है, कि आपका सबकॉन्शियस माइंड आपको सपने में सॉल्यूशन दिखाता है।
आप जिस चीज़ के बारे में जानना चाहें, उसके बारे में अपने आप से अपने दिल में सवाल करते हुए सो जाएं आपको आपका सबकॉन्शियस माइंड जवाब देगा।
हो सकता है पहले दिन आपको जवाब ना मिले तो लगातार ऐसा करते रहे कुछ दिन में आपको जवाब मिल जाएगा... बस आपकी इच्छा कल्याणकारी हो, सृजनात्मक हो तो असम्भव नज़र आने वाले लक्ष्य भी मिलने सम्भव हैं, उपरोक्त सच्चे उदाहरणों से ये साबित है
Comments
Post a Comment